पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल, बस फूंकने के बाद पुलिस की गाड़ियों में भी लगाई आग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना में सड़क हादसे के बाद शुक्रवार सुबह हालात अचानक बेकाबू हो गए। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी के पास NH-30 पर तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने पहले यात्री बस को आग के हवाले कर दिया। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों समेत कई अन्य वाहनों में भी आग लगा दी।
पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा..
हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान उपद्रवियों ने NH-30 से गुजर रहे कई वाहनों में तोड़फोड़ की। एक मीडियाकर्मी के साथ मारपीट किए जाने और उसकी गाड़ी में आग लगाने की भी जानकारी सामने आई है। आग बुझाने पहुंचे दमकल कर्मियों को भी भीड़ के आक्रोश के कारण पीछे हटना पड़ा।
सड़क पर शव रखकर NH-30 को जाम कर दिया…
हादसे के विरोध में लोगों ने सड़क पर शव रखकर NH-30 को जाम कर दिया। इसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीषण गर्मी और धूप के बीच यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस सड़क पार कर रहे मनीष कुमार को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बस में आग लगा दी।
यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई शुरू ….
पुलिस ने काफी प्रयास के बाद स्थिति को शांत कराया और यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक सड़क पार करने के दौरान बस की चपेट में आया था। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article