सावन के आठवें दिन अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बोल बम के जयघोष के साथ बाबाधाम रवाना हुए लाखों शिवभक्त

Shreya Raj
अजगैबीनाथ धाम में उमड़ी शिवभक्तों की भारी भीड़, बोल बम के जयघोष के बीच बाबाधाम के लिए रवाना होते कांवरिये।

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित विश्व प्रसिद्ध अजगैबीनाथ गंगा धाम में सावन माह के आठवें दिन आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देशों नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां पहुंचे। श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान करने के बाद विधि-विधान से अपनी कांवड़ में गंगाजल भरा और करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुए। पूरे दिन मंदिर परिसर और गंगा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे।

भगवा रंग में रंगा कांवरिया पथ, गूंजता रहा बोल बम का जयघोष

गंगा घाट से लेकर कांवरिया पथ तक का पूरा इलाका भगवा और केसरिया रंग में रंगा नजर आया। चारों ओर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। कांवड़िए पूरे उत्साह, श्रद्धा और अनुशासन के साथ बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए अपनी यात्रा पर आगे बढ़ते दिखाई दिए। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा रहा और रास्ते भर भक्ति का अनोखा उत्साह देखने को मिला।

प्रशासनिक व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने की सराहना

यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की पहले की तुलना में बेहतर व्यवस्था की गई है। उनका कहना था कि इन व्यवस्थाओं के कारण कांवर यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम हो गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है।

अटूट आस्था के साथ बाबाधाम की ओर बढ़ते रहे शिवभक्त

श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा भोलेनाथ औघड़दानी हैं और अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं। इसी अटूट विश्वास और श्रद्धा के साथ लाखों शिवभक्त लगातार बोल बम के जयघोष करते हुए बाबाधाम की ओर बढ़ रहे हैं। सावन के आठवें दिन अजगैबीनाथ धाम में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ ने एक बार फिर इस धार्मिक यात्रा की विशालता और लोगों की अटूट आस्था को दर्शाया।

भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह

Share This Article