पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां हरहा नदी में डूबे 11 वर्षीय छात्र का चौथे दिन मिला शव, ट्रैक्टर-ट्रेलर से अस्पताल पहुंचे परिजन
बगहा। रामनगर प्रखंड के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र में हरहा नदी में डूबे 11 वर्षीय छात्र आशु मुंडा का शव चौथे दिन काफी खोजबीन के बाद बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। मृतक भुवरहवा दोन निवासी राहुल मुंडा का पुत्र था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आशु राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढोकनी में तीसरी कक्षा का छात्र था। मंगलवार को वह चार अन्य बच्चों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सभी बच्चे बरसाती हरहा नदी पार करने लगे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से चार बच्चे किसी तरह बाहर निकल गए,
जबकि आशु तेज धारा में बह गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने नदी में तलाश शुरू की। पिता राहुल मुंडा सहित कई ग्रामीण लगातार खोज अभियान में जुटे रहे। भुवरहवा दोन से हरिहरपुर तक करीब 15 किलोमीटर नदी क्षेत्र में तलाश के बाद चौथे दिन शव बरामद हुआ।
दोन क्षेत्र में सड़क, पुल और पुलिया की सुविधा नहीं होने के कारण परिजनों को शव पोस्टमार्टम के लिए ट्रैक्टर-ट्रेलर से अनुमंडलीय अस्पताल लाना पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद भी शव को इसी माध्यम से गांव ले जाया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट –