सारण में पुलिसिया लापरवाही पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, 3 थानाध्यक्ष निलंबित, विभाग में मचा हड़कंप

Shreya Raj
एसएसपी कार्यालय, सारण में पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सख्ती, लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई तेज ।

सारण: जिले में पुलिस की कार्यशैली, लंबित मामलों की जांच और वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही बरतना तीन थानाध्यक्षों को भारी पड़ गया। एसएसपी विनीत कुमार ने अवतार नगर, तरैया और अमनौर थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित तीनों अधिकारियों को सारण पुलिस केंद्र, छपरा में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

नियमित समीक्षा में सामने आईं गंभीर कमियां

एसएसपी की यह कार्रवाई नियमित समीक्षा और अलग-अलग जांच प्रतिवेदनों में सामने आई गंभीर कमियों के आधार पर की गई है। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया गया है कि केस के अनुसंधान में लापरवाही, वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी और ड्यूटी के प्रति सुस्ती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक साथ तीन थानाध्यक्षों पर हुई कार्रवाई के बाद जिले के अन्य थानों में भी हड़कंप की स्थिति है।

अवतार नगर थानाध्यक्ष पर लंबित मामलों में सुस्ती का आरोप

अवतार नगर थानाध्यक्ष साकेत बिहारी पर दर्ज कांडों के अनुसंधान और उनके निष्पादन में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाने का आरोप है। समीक्षा के दौरान थाना क्षेत्र में लंबित मामलों की संख्या और प्राथमिकी के मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने की बात सामने आई। बताया गया कि उन्हें कई बार कार्यशैली में सुधार के लिए चेतावनी दी गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। इसके बाद एसएसपी विनीत कुमार ने उन्हें निलंबित कर दिया।

तरैया थानाध्यक्ष पर सरकारी संपत्ति और शराब जब्ती मामले में लापरवाही

तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार राम पर सरकारी संपत्ति से जुड़े संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है, इसके अलावा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने और वरीय अधिकारियों के निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं करने की बात भी सामने आई।
शराब जब्ती से जुड़े एक मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान भी उनके स्तर पर कमियां पाई गईं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने धीरज कुमार राम के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

अमनौर थानाध्यक्ष के अनुसंधान में मिलीं गंभीर खामियां

अमनौर थानाध्यक्ष हेमंत कुमार के खिलाफ कार्रवाई सारण रेंज के डीआईजी निलेश कुमार की समीक्षा के बाद की गई। पुलिस के अनुसार, एक महत्वपूर्ण कांड के अनुसंधान में गंभीर खामियां सामने आई थीं। जांच के दौरान कुछ तथ्यों को छिपाने जैसी बातें भी सामने आने पर उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया था। पुलिस के मुताबिक हेमंत कुमार की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद डीआईजी की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी विनीत कुमार ने तत्काल प्रभाव से उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

तीनों थानाध्यक्षों को पुलिस केंद्र में देना होगा योगदान

निलंबित किए गए तीनों थानाध्यक्षों साकेत बिहारी, धीरज कुमार राम और हेमंत कुमार का निलंबन अवधि के दौरान मुख्यालय सारण पुलिस केंद्र, छपरा रहेगा। उन्हें तत्काल थाना प्रभार से मुक्त होकर पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। जांच में आरोप साबित होने पर उनके खिलाफ आगे भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

एसएसपी के एक्शन से अन्य थानेदारों में भी बढ़ी बेचैनी

एक साथ तीन थानाध्यक्षों के निलंबन से सारण जिले के पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा अब और सख्ती से किए जाने के संकेत मिले हैं। खास तौर पर थानों में लंबित कांडों, अनुसंधान की प्रगति, शराब के खिलाफ कार्रवाई, वरीय अधिकारियों के निर्देशों के पालन और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर नियंत्रण की लगातार समीक्षा की जा रही है। की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि पुलिसिंग में लापरवाही और कामचलाऊ रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article