छह दिनों से लापता 11 वर्षीय गौतम की बरामदगी को लेकर कैंडल मार्च, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

Shreya Raj
गौतम की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकालते स्थानीय लोग।

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में छह दिनों से लापता 11 वर्षीय गौतम कुमार की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेता जयेश मंगलयम सिंह उर्फ जय सिंह के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर गौतम को जल्द से जल्द खोजकर उसके परिवार के पास सुरक्षित पहुंचाने की मांग की हैI

छह दिन बाद भी बच्चे का सुराग नहीं, लोगों में आक्रोश

कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने “पुलिस प्रशासन होश में आओ” के नारे लगाते हुए गौतम की तलाश में तेजी लाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छह दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलना बेहद चिंता का विषय है।

परिवार की हालत खराब, पिता ने खाना छोड़ा

कांग्रेस नेता जय सिंह ने कहा कि गौतम के लापता होने के बाद से उसका परिवार लगातार परेशान है। उन्होंने बताया कि गौतम के पिता पिछले छह दिनों से ठीक से खाना नहीं खा रहे हैं। वहीं, उसकी मां कई बार बेहोश हो चुकी हैं। परिवार इस घटना के कारण गहरे सदमे में है और लगातार अपने बच्चे की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है।

पुलिस कार्रवाई तेज करने की मांग

मार्च में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए गौतम की तलाश तेज करने की मांग की। लोगों ने कहा कि बच्चे को लापता हुए छह दिन हो चुके हैं, ऐसे में उसकी सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किया जाना जरूरी है।

CCTV फुटेज को लेकर भी उठे सवाल

कैंडल मार्च के दौरान बगहा नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनके फुटेज को लेकर भी सवाल उठाए गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मांग की कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि गौतम के बारे में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।

मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि उनकी एक ही मांग है कि 11 वर्षीय गौतम कुमार को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर उसके परिवार को सौंपा जाए। बच्चे के लापता होने के बाद से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

पश्चिम चम्पारण से रिपोर्टर :मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article