पटना में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, 10 दिनों में बिना हेलमेट 10,809 चालान और 1 करोड़ से ज्यादा जुर्माना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। खासतौर पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस सख्ती का असर अब सामने आने लगा है। महज 10 दिनों के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले लोगों से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया है।

10 दिनों में 10,809 ई-चालान
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 दिनों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले कुल 10,809 लोगों के ई-चालान काटे गए। इन सभी चालानों के जरिए करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पटना में नियमों की निगरानी केवल सड़कों पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के जरिए ही नहीं हो रही है, बल्कि स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए हाईटेक सीसीटीवी कैमरों से भी लगातार निगरानी की जा रही है। कैमरों में नियम तोड़ते पकड़े जाने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
978 वाहन पहले भी पकड़े जा चुके
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस को ऐसे वाहन चालकों की भी जानकारी मिली है, जो पहले भी बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कुल चालानों में 978 वाहन ऐसे पाए गए, जिनका पहले भी बिना हेलमेट चलने पर चालान काटा जा चुका था। इनमें कई वाहन ऐसे भी हैं, जिनके खिलाफ दो या उससे अधिक बार जुर्माना लगाया गया है। बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे चालकों को लेकर पुलिस अब और कड़ा रुख अपनाने की तैयारी में है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पटना ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना हेलमेट और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस लगातार प्रमुख चौराहों और शहर की सड़कों पर निगरानी कर रही है। यातायात पुलिस ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article