NEWS PR डेस्क : नई दिल्ली : अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अररिया और सीमांचल में रेल सुविधाओं के विस्तार, लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी लाने और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े 7 महत्वपूर्ण मुद्दे रेल मंत्री के सामने रखे। सांसद ने इन मांगों से संबंधित पत्र भी रेल मंत्री को सौंपा। मुलाकात के दौरान रेल मंत्री ने सांसद को भरोसा दिलाया कि अररिया रेलवे का हब बनेगा।
सीमांचल के लाखों लोगों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सीमांचल के लाखों लोग बेहतर रेल संपर्क पर निर्भर हैं। ऐसे में क्षेत्र की रेल अवसंरचना को मजबूत करना, नई ट्रेनों का संचालन शुरू करना और मौजूदा रेल सेवाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने लंबित परियोजनाओं पर जल्द निर्णय लेने और काम में तेजी लाने का आग्रह किया।
जोगबनी-फारबिसगंज में वाशिंग पिट और कोच अनुरक्षण परियोजना
सांसद ने जोगबनी/फारबिसगंज में प्रस्तावित वाशिंग पिट लाइन एवं कोच अनुरक्षण परियोजना को जल्द प्रशासनिक स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने बताया कि परियोजना में देरी के कारण नई ट्रेनों के संचालन, मौजूदा ट्रेनों के विस्तार और नियमित अनुरक्षण में परेशानी आ रही है। सांसद के मुताबिक, इस परियोजना का IRPSM Proposal फिलहाल रेलवे बोर्ड के EDME (Projects) स्तर पर विचाराधीन है।

अररिया-सुपौल रेललाइन में तेजी लाने की मांग
सांसद ने अररिया-सुपौल नई रेललाइन परियोजना के काम में तेजी लाने का भी आग्रह किया। उन्होंने भूमि अधिग्रहण, विभिन्न विभागों से NOC, विद्युत ट्रांसमिशन लाइन, मिट्टी की उपलब्धता और पुल निर्माण जैसी लंबित बाधाओं का जल्द समाधान कराने की मांग की, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस रोज चलाने की मांग
सांसद ने जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस (13159/13160) का नियमित संचालन सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया। वर्तमान में ट्रेन के सीमित दिनों में चलने से यात्रियों को होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए उन्होंने इसे प्रतिदिन चलाने की मांग की। उन्होंने जरूरत पड़ने पर इस ट्रेन को वैकल्पिक मार्ग से संचालित करने की संभावना पर भी विचार करने का अनुरोध रेल मंत्री से किया।
अमृत भारत स्टेशन का जल्द शुभारंभ
सांसद ने अररिया अमृत भारत स्टेशन के निर्माण कार्य के लगभग पूरा होने का उल्लेख करते हुए इसके शीघ्र औपचारिक शुभारंभ और पूर्ण संचालन की मांग रखी। उनका कहना था कि स्टेशन के पूरी तरह चालू होने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
DEMU को MEMU में बदलने और अतिरिक्त ट्रेनों की मांग
बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए सांसद ने जोगबनी-कटिहार DEMU सेवा को MEMU में परिवर्तित करने की मांग की। उन्होंने इस रेलखंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त पैसेंजर और MEMU ट्रेनों के संचालन का भी आग्रह किया।
सावन स्पेशल ट्रेन का विस्तार नरपतगंज या फारबिसगंज तक करने की मांग
धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दे को भी सांसद ने रेल मंत्री के सामने प्रमुखता से रखा। उन्होंने राघोपुर-देवघर सावन विशेष ट्रेन का विस्तार नरपतगंज अथवा फारबिसगंज तक करने का अनुरोध किया। सांसद ने कहा कि ट्रेन का विस्तार होने से अररिया और आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालुओं को सीधे लाभ मिलेगा और उन्हें देवघर जाने में बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
लक्ष्मीपुर-पोठिया-फारबिसगंज नई रेललाइन का सर्वे आगे बढ़ाने की मांग
सांसद ने लक्ष्मीपुर से पोठिया होते हुए फारबिसगंज तक करीब 17 किलोमीटर नई रेललाइन के भूमि सर्वेक्षण कार्य को आगे बढ़ाने की मांग भी की। उन्होंने परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में आवश्यक निर्णय लेने का आग्रह रेल मंत्रालय से किया।
‘अररिया और सीमांचल का रेल विकास क्षेत्र के विकास से जुड़ा’
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि अररिया और सीमांचल का रेल विकास सिर्फ यात्री सुविधाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास से भी सीधे जुड़ा है। उन्होंने कहा कि सीमांचल को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं और क्षेत्र की जनता की आवाज को संसद से लेकर संबंधित मंत्रालय तक मजबूती से उठाते रहेंगे।
रेल मंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का भरोसा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन महत्वपूर्ण मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा। इससे अररिया सहित पूरे सीमांचल की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।