सांसद शाम्भवी चौधरी ने उठाई मांग, अब पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट के बीच चलेगी रात की ट्रेन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण पहल के तहत पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट के बीच नई रात्रिकालीन ट्रेन संख्या 03215/03216 के परिचालन को मंजूरी मिली है। यह स्वीकृति समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी द्वारा लोकसभा में नियम 377 के तहत उठाई गई मांग के बाद मिली है। इस मांग को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के लिए सांसद शाम्भवी चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से भी मुलाकात कर क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं और यात्रियों की सुविधा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की थी। नई ट्रेन के परिचालन से रोसड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राजधानी पटना से सीधी और सुविधाजनक रात्रिकालीन रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

सांसद शाम्भवी चौधरी की इस पहल से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य दैनिक यात्रियों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है। रात्रिकालीन ट्रेन की सुविधा मिलने से पटना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए समय और यात्रा की सुविधा दोनों के स्तर पर राहत होगी। खासकर रोसड़ा और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यह रेल सेवा पटना से बेहतर संपर्क की दिशा में उपयोगी कदम माना जा रहा है।

रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर सांसद शाम्भवी चौधरी की ओर से लगातार उठाए जा रहे मुद्दों की कड़ी में यह स्वीकृति महत्वपूर्ण है। इससे पहले सितंबर 2025 में भी सांसद के प्रयास से 11015/11016 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस का रोसड़ा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित हुआ था। इस क्रम में नई रात्रिकालीन ट्रेन की स्वीकृति से क्षेत्र की रेल सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

सांसद कार्यालय की तरफ़ से आधिकारिक रूप से बताया गया कि सांसद शाम्भवी चौधरी ने इस स्वीकृति के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर पर उठाया जाता रहेगा। क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article