गया पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान सफल 25 लाख के 85 मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए स्मार्टफोन; नेपाल-बांग्लादेश नेटवर्क पर नजर

Muskan Gupta

गया पुलिस के ‘ऑपरेशन मुस्कान’ ने एक बार फिर 85 लोगों के चेहरे पर खुशी लौटा दी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब 85 स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

शनिवार को गया शहर स्थित एसएसपी कार्यालय में एसएसपी सुशील कुमार ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान एसएसपी ने प्रेस वार्ता कर पूरे अभियान की जानकारी दी।

एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि गया पुलिस तकनीकी जांच और संबंधित थानों की मदद से लगातार गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर रही है। मोबाइल की पहचान और वास्तविक मालिकों का सत्यापन करने के बाद उन्हें वापस लौटाया जा रहा है।

मोबाइल चोरी होने पर क्या करें?

एसएसपी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कर शिकायत करें। इससे चोरी हुए मोबाइल को ट्रेस करने में पुलिस को मदद मिलती है।

मोबाइल चोर गिरोह पर भी पुलिस की नजर

एसएसपी ने बताया कि पितृपक्ष मेले के दौरान गया पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का भी पर्दाफाश किया था। पुलिस के अनुसार, चोरी के मोबाइल को नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों में भेजे जाने की आशंका और नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

एसएसपी ने आम लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की और कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

गया पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन मुस्कान का मकसद लोगों के खोए मोबाइल लौटाने के साथ-साथ मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोहों पर शिकंजा कसना भी है। 85 मोबाइल की बरामदगी इसी अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article