सांप के काटने से युवक की मौत मायागंज अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप, तीन घंटे तक भर्ती के इंतजार का दावा

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : बांका जिले के अमरपुर में सांप के काटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने भागलपुर के मायागंज अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि आईसीयू में बेड खाली नहीं होने की बात कहकर मरीज को भर्ती नहीं किया गया और करीब तीन घंटे तक इलाज के इंतजार में उसकी हालत बिगड़ती रही। आखिरकार युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान बांका जिले के दौना गांव निवासी मोहम्मद अमन के रूप में हुई है। मृतक के भाई मोहम्मद आफताब आलम के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे अमन को सांप ने काट लिया था। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना देर किए उसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें आईसीयू में बेड खाली नहीं होने की बात बताई गई। इसके बाद वे लगातार मरीज को भर्ती कराने और इलाज शुरू होने का इंतजार करते रहे। परिवार का दावा है कि करीब तीन घंटे तक इंतजार के दौरान अमन की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि,

मोहम्मद अमन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार ने मायागंज अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article