NEWS PR डेस्क: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरूवार को मधुबनी जाने के दौरान मुजफ्फरपुर के गायघाट स्थित केवटसा के राजा लाइन होटल पर अचानक रुके। यहां उन्होंने राजद आपदा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आदर्श कुमार सिंह उर्फ राजा सिंह से मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात और संगठन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। तेजस्वी यादव ने आदर्श सिंह से पार्टी छोड़ने का कारण भी जाना और उन्हें दोबारा राजद में लौटने का न्योता दिया। तेजस्वी यादव ने साथ मिलकर राजनीतिक संघर्ष करने और आगामी समय में सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। इस दौरान राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी भी मौजूद रहे।
तेजस्वी यादव के केवटसा पहुंचने की खबर मिलते ही होटल परिसर में स्थानीय युवाओं, छात्रों और राजद समर्थकों की भीड़ जुट गई। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और काफी देर तक माहौल राजनीतिक चर्चाओं से गर्म रहा। आदर्श सिंह से संक्षिप्त मुलाकात और कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद तेजस्वी यादव का काफिला मधुबनी के लिए रवाना हो गया।