सिहेंश्वर धाम में सावन के अंतिम सोमवार को मची अफरा-तफरी, भगदड़ जैसी स्थिति; 8 श्रद्धालु घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : मधेपुरा: सावन के अंतिम सोमवार को मधेपुरा के प्रसिद्ध सिहेंश्वर धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रात करीब 1 बजे सरकारी पूजा के बाद मंदिर के पट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के साथ ही बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ गया और देखते ही देखते कतार टूट गई।


धक्का-मुक्की के बाद भगदड़ जैसी स्थिति
जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कतार टूटने के बाद कुछ श्रद्धालु गिर पड़े, जिससे मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान एक महिला श्रद्धालु लोहे की बैरिकेडिंग पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। अफरा-तफरी के दौरान महिला और बुजुर्ग समेत करीब 8 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। उनकी वर्दी भी फट गई।
JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
घटना के बाद घायलों को तत्काल JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। अब श्रद्धालुओं को दोबारा कतार में लगाकर जलाभिषेक कराया जा रहा है और मंदिर में पूजा जारी है।
मौके पर पहुंचे DM और SP
घटना की सूचना मिलते ही मधेपुरा के डीएम, एसपी, एसडीएम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। प्रशासन की टीम ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कतार में लगवाया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए।
भीड़ के दबाव में टूटी बैरिकेडिंग
बताया जा रहा है कि मंदिर के पट खुलने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या अचानक काफी बढ़ गई। भारी भीड़ के दबाव के कारण मंदिर परिसर में लगाई गई बैरिकेडिंग टूट गई। इसके बाद लोगों के आगे बढ़ने की होड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मंदिर न्यास समिति की ओर से श्रद्धालुओं से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की गई है। करीब आधे घंटे की अफरा-तफरी के बाद प्रशासन ने स्थिति पर काबू पा लिया है। मंदिर में पूजा और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share This Article