नरकटियागंज में Vigilance की बड़ी कार्रवाई, 4 हजार रुपये लेते ASI गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :नरकटियागंज: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकारपुर थाना में तैनात एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी टीम ने सोमवार को हाईस्कूल चौक के पास जाल बिछाकर आरोपी एएसआई को उस वक्त पकड़ा, जब वह रिश्वत की रकम ले रहा था।

आरोप है कि एएसआई ने हरदी टेढ़ा निवासी अमृत कुमार से विद्युत चोरी के मामले में मदद करने के नाम पर 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने कराया सत्यापन
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश माधव के अनुसार, अमृत कुमार ने एएसआई पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
हाईस्कूल चौक पर बिछाया गया जाल
सोमवार को शिकायतकर्ता ने निगरानी विभाग को जानकारी दी कि वह रिश्वत की रकम देने जा रहा है। इसके बाद निगरानी टीम हाईस्कूल चौक के आसपास पहुंची और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने लगी।जैसे ही एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी ने शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये की रिश्वत ली, निगरानी टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।निगरानी विभाग की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article