NEWS PR डेस्क : – भागलपुर के कैंप जेल में 26 वर्षीय विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान रामाश्रय यादव के रूप में हुई है। जेल प्रशासन इस घटना को आत्महत्या बता रहा है, जबकि परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए जेल के अंदर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रामाश्रय यादव अपनी पत्नी की आत्महत्या से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में कैंप जेल में बंद था। 25 नवंबर की देर शाम परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। परिवार का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें बताया गया कि रामाश्रय को मेडिकल जांच के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया जा रहा है, लेकिन बाद में उसकी फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के छोटे भाई नितेश यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पत्नी की मौत के बाद से ही परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थीं। पंचायत में सात लाख रुपये का समझौता होने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ था। परिजनों को आशंका है कि पुरानी रंजिश के कारण जेल के अंदर ही रामाश्रय की हत्या कराई गई है।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
परिजनों ने उस जगह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं, जहां रामाश्रय के आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। उनका दावा है कि जिम वाले क्षेत्र में डंबल और लोहे की भारी रॉड मौजूद रहती हैं, लेकिन वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की बात सामने आई है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है। जेल अधीक्षक राजीव झा से व्हाट्सएप कॉल के जरिए पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष और न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही रामाश्रय की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-