NEWS PR डेस्क : दिल्ली के एक होटल में चप्पल कांड को लेकर बिहार की सियासत में चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। तेज प्रताप यादव पर अब मोनिका मनी नाम की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मोनिका का दावा है कि दिल्ली के एक होटल में तेज प्रताप यादव अपने एक दोस्त के साथ उनकी जानकारी के बिना कमरे में दाखिल हो गए थे। उन्होंने दोनों से बाहर जाने के लिए कहा, जिसके बाद वे वहां से चले गए।

मोनिका मनी का यह दावा एक न्यूज चैनल को दिए वीडियो इंटरव्यू के दौरान सामने आया है। गौरतलब है कि मोनिका पहले तेज प्रताप यादव की पार्टी से जुड़ी रही हैं। वह मिसेज इंडिया 2017 की सेकंड रनर-अप भी रह चुकी हैं।
मोनिका मनी ने क्या दावा किया?
मोनिका के मुताबिक, वह उस समय पहले से दिल्ली में मौजूद थीं। उनका कहना है कि तेज प्रताप यादव ने उन्हें फोन कर एक पार्टी में बुलाया था। इसी दौरान तेजस्वी यादव के बेटे के जन्मदिन से जुड़े एक कार्यक्रम का भी जिक्र उन्होंने किया। मोनिका का दावा है कि उस समय तेज प्रताप यादव ‘भोजपुरिया बवाल’ नाम के टीवी कार्यक्रम से जुड़े हुए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात तेज प्रताप के एक दोस्त से हुई, जो कथित तौर पर कार्यक्रम में उनके साथ काम करते थे।
मोनिका के अनुसार, उन्हें एक्टिंग के क्षेत्र में काम दिलाने का भरोसा दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि मुंबई में भी काम का मौका मिलने की बात कही गई थी, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
‘इंकार करने पर दोनों नाराज हो गए’
मोनिका ने इंटरव्यू में दावा किया कि उनके प्रस्ताव ठुकराने के बाद दोनों लोग नाराज हो गए। इसके बाद तेज प्रताप यादव और उनके दोस्त कथित तौर पर होटल के कमरे में दाखिल होने लगे। उनका आरोप है कि दोनों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मोनिका के मुताबिक, उन्होंने दोनों को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा और होटल मैनेजर को बुलाकर शिकायत करने की बात कही। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।
कौन हैं मोनिका मनी?
मोनिका मनी मूल रूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली बताई जाती हैं। उन्होंने मिसेज बिहार का खिताब जीता था। इसके बाद वर्ष 2017 में उन्होंने मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और सेकंड रनर-अप रहीं। मोनिका तीन बच्चों की मां हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और उद्यमिता के क्षेत्र में भी काम किया है। मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में सफलता के बाद वह सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ीं। वर्तमान में वह अपने पति और बच्चों के साथ पटना में रहने की बात बताती हैं।
तेज प्रताप के दही-चूड़ा भोज में भी पहुंची थीं मोनिका
मोनिका मनी इससे पहले भी तेज प्रताप यादव को लेकर चर्चा में रही हैं। जनवरी में मकर संक्रांति के अवसर पर तेज प्रताप यादव ने पटना स्थित अपने आवास पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया था, जिसमें मोनिका मनी भी शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान तेज प्रताप के साथ मंच पर उनकी तस्वीर सामने आई थी, जिसने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं। मीडिया से बातचीत में मोनिका ने बताया था कि तेज प्रताप यादव ने उन्हें अपनी पार्टी से जुड़ने का प्रस्ताव दिया है और वह इस ऑफर पर विचार कर रही हैं।
मार्च में पार्टी से जुड़ने का किया था दावा
उस वक्त मोनिका मनी ने खुद को सक्रिय राजनीति से दूर बताया था। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा था कि उनका जुड़ाव जनता दल यूनाइटेड से रहा है। इसके कुछ समय बाद मार्च में तेज प्रताप यादव की पार्टी में उनके शामिल होने की खबर सामने आई। हालांकि, अब मोनिका का दावा है कि वह तेज प्रताप यादव की पार्टी का हिस्सा नहीं हैं।
होटल विवाद के बीच बढ़ी सियासी हलचल
बता दें कि दिल्ली के होटल में चप्पल कांड को लेकर पहले से ही तेज प्रताप यादव और बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह के बीच बयानबाजी चल रही है। इसी बीच मोनिका मनी के आरोप सामने आने से विवाद और चर्चा में आ गया है।