NEWS PR डेस्क ;—- भागलपुर के निचले इलाकों में गंगा का कटाव अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। मंदरोनी, इंग्लिश फलका और माशारू इलाके में पिछले दो दिनों से तेज कटाव के कारण कई घर गंगा की धार में समा चुके हैं। हालात इतने भयावह हैं कि लोग अपने आशियाने को बचाने के लिए खुद ही घर तोड़कर सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं।
कटाव के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। कहीं घरों की दीवारें भरभराकर गिर रही हैं तो कहीं लोग अपने वर्षों की मेहनत से बनाए घर को अपनी आंखों के सामने उजड़ता देख रहे हैं। घर टूटने का दर्द महिलाओं और बच्चों के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा है। कई परिवार अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
तेज धार में समा रहे लोगों के सपने ,
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने तिनका-तिनका जोड़कर अपना आशियाना बनाया था। वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी से तैयार किए गए घर अब गंगा की तेज धार के निशाने पर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कटाव की रफ्तार लगातार बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में और घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
प्रशासन से मदद की गुहार ,
कटाव से प्रभावित लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कटाव रोकने के लिए ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो कई परिवार बेघर हो जाएंगे। लोगों में जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। प्रभावित परिवारों को अब अपने घर से ज्यादा अपने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य की चिंता सताने लगी है।
भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;—