दानापुर में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:दानापुर: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दानापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न मंदिरों और पूजा स्थलों पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिरों में आकर्षक झूलन सजाए गए और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी, फूलों व अन्य सजावटी सामग्री से पूजा स्थलों को भव्य रूप दिया गया।

नगर के नौलखा मंदिर, एमईएस मंदिर, सदर बाजार स्थित राम-जानकी मंदिर, गोलापर राम-जानकी मंदिर, सुल्तानपुर और आनंद बाजार सहित ग्रामीण इलाकों में भी जन्माष्टमी के मौके पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। दोपहर बाद से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुल्तानपुर में मध्यरात्रि हुआ पंचामृत अभिषेक
सुल्तानपुर में जन्माष्टमी के अवसर पर मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक किया गया। आयोजक प्रहर्ष और अभिषेक ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे भगवान की प्रतिमा का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से तैयार पंचामृत से अभिषेक कराया गया। इसके बाद लड्डू गोपाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन हुआ। पंडित सिद्धार्थ ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न कराया।
पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आरती के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने दर्शन और पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा इलाका ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। जन्माष्टमी को लेकर देर रात तक मंदिरों और पूजा स्थलों पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।

Share This Article