NEWS PR डेस्क:उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आज सिंचाई भवन स्थित सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित बिहार भवन उपविधि-2026 के प्रारूप पर गठित उच्चस्तरीय मंत्रियों के समूह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित भवन उपविधि के विभिन्न प्रावधानों, नियामक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा राज्य में भवन निर्माण एवं शहरी विकास को अधिक सुगम और गति देने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सह ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह मौजूद रहे। बैठक में बाढ़ की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर चर्चा की गई
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस महत्वपूर्ण विषय पर सुझाव देने और सकारात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए सभी हितधारकों का धन्यवाद करता हूँ। विशेष रूप से समूह के सदस्य मंत्रियों, नगर विकास एवं आवास विभाग, जो इस विषय का नोडल विभाग है, तथा विभाग के प्रधान सचिव एवं उनके सभी सहयोगियों द्वारा लिए जा रहे विशेष रुचि और सक्रिय सहभागिता के लिए समूह की ओर से आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों द्वारा दिए गए सकारात्मक सुझाव बिहार भवन उपविधि-2026 को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण होंगे।”
नीतीश मिश्रा ने कहा कि “बिहार भवन उपविधि-2026 का यह प्रारूप पारदर्शिता, त्वरित प्रक्रियाओं और सतत विकास के सिद्धांतों पर आधारित है। यह बिहार के शहरी परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाने तथा सुव्यवस्थित, सुगम और विकासोन्मुख शहरीकरण को गति देने की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है।”
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित बिहार के विज़न के अनुरूप बिहार भवन उपविधि-2026 का प्रारूप राज्य के शहरों के सुनियोजित, आधुनिक और तेज विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सरल एवं पारदर्शी नियमों के माध्यम से भवन निर्माण और निवेश को गति मिलेगी, जिससे शहरों में बेहतर आधारभूत संरचना, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा ।
बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने उच्चस्तरीय समूह के सदस्यों तथा बैठक में उपस्थित संबंधित हितधारकों के समक्ष बिहार भवन उपविधि-2026 के प्रारूप का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने प्रस्तावित उपविधि के प्रमुख प्रावधानों, नियामक प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा भवन निर्माण एवं शहरी विकास को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विभाग के सचिव सह बुडको प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा तथा विभाग के वरीय पदाधिकारी और क्रेडाई, बिहार, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, बिल्डर्स एसोसिएशन, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि एवं फ्लैट ऑनर्स भी उपस्थित थे।