पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां ठकराहा प्रखंड के जगिराहा पंचायत स्थित BSNL टावर के पैनल रूम में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। टावर से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और संबंधित विभाग को घटना की सूचना दी।
बिजली आपूर्ति बंद कर शुरू किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। लाइनमैन के मौके पर पहुंचकर कनेक्शन काटने के बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
पैनल रूम में बैटरियां और कई तकनीकी उपकरण मौजूद होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद किए जाने से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने में मदद मिली।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि डीसी शॉर्ट सर्किट के कारण बैटरियों में आग लगी होगी हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पैनल रूम में लगे पैनल, बैटरियों और अन्य तकनीकी उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसआई नितीश कुमार सिंह और एएसआई गुड्डू कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी ली।
वहीं, प्रेम के नेतृत्व में पहुंची दमकल टीम ने काफी देर तक प्रयास कर आग पर काबू पाया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि आग दोबारा न भड़के और आसपास के क्षेत्र में नुकसान न हो।
विभागीय जांच के बाद स्पष्ट होगा नुकसान
फिलहाल आग लगने से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। पैनल, बैटरियों और अन्य तकनीकी उपकरणों को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी जानकारी विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। आग लगने के कारणों की भी जांच की जाएगी। फिलहाल समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से किसी बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़