8 किलो तांबे का तार चोरी करने वाले चार गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

Shreya Raj
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, चोरी के मामले में भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर में तिलकामांझी थाना पुलिस ने चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 8 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार बरामद किया है। इसके साथ ही स्कूल में हुई चोरी की घटना का भी खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।

हवाई अड्डा परिसर में चोरी का तार जलाने की सूचना

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ चोरी और छिनतई के हॉट-स्पॉट पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी अभियान के दौरान 5 सितंबर 2026 को तिलकामांझी पुलिस को सूचना मिली कि हवाई अड्डा परिसर के जंगल क्षेत्र में कुछ लोग चोरी का तार जला रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और तिलकामांझी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सशस्त्र बल के साथ टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग तांबे का तार जला रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भागने लगे।

पुलिस ने पीछा कर मोनू कुमार और नीरज कुमार को पकड़ लिया। दोनों के पास से करीब 8 किलो जला हुआ तांबे का तार बरामद किया गया। मौके से दो अन्य आरोपी फरार हो गए। पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आशीष कुमार और अखिलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।

घरों और दुकानों से तार चोरी कर निकालते थे तांबा

पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी अलग-अलग घरों और दुकानों से बिजली के तार चोरी कर उन्हें एक जगह जमा करते थे। पर्याप्त मात्रा में तार इकट्ठा होने के बाद उसे जलाकर तांबा अलग किया जाता था। इसके बाद तांबे को कबाड़ी दुकानों में बेच दिया जाता था और उससे मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्कूल चोरी में एम्प्लीफायर, इन्वर्टर और बैट्री बरामद

तिलकामांझी थाना पुलिस ने स्कूल में हुई चोरी की घटना का भी खुलासा किया है। पुलिस ने रंजन कुमार, पिता विद्यानंद मंडल, निवासी सचिदानंद नगर, हवाई अड्डा, थाना तिलकामांझी, जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की गई एक एम्प्लीफायर मशीन, एक इन्वर्टर और एक बड़ी बैट्री बरामद की गई है। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

27 अगस्त की रात हुई थी स्कूल में चोरी

पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 की रात स्कूल में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में संजय कुमार पासवान, पिता महादेव पासवान, निवासी ज्वारीपुर, थाना तिलकामांझी ने लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर तिलकामांझी थाना कांड संख्या 206/2026, दिनांक 27 अगस्त 2026, दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीम बनाई गई। टीम में पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और तिलकामांझी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रंजन कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही स्कूल चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह

Share This Article