कमाने निकला था घर से, ट्रेन से गिरकर चली गई जान: बगहा में 19 वर्षीय मजदूर की मौत

Shreya Raj
कमाने के लिए घर से निकले 19 वर्षीय मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में मजदूरी करने जा रहे 19 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा पटखौली थाना क्षेत्र में रेलवे पुल संख्या 50 और 51 के बीच हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पटखौली थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मृतक की हुई पहचान

मृतक की पहचान बगहा थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड नंबर 30 स्थित अहीरानी टोला निवासी दिनेश पासवान के 19 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार पासवान के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, कुंदन गुरुवार दोपहर मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। वह कमाने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी परिवार को पुलिस के माध्यम से मिली।

परिजनों में पसरा मातम

कुंदन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक मजदूरी कर परिवार की मदद करने के लिए घर से निकला था। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और युवक ट्रेन से कैसे गिरा, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article