गरीब चौपाल यात्रा में मंत्री संतोष सुमन का बड़ा बयान, बोले- गरीबों की समस्याओं की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे

Shreya Raj
HAM की गरीब चौपाल यात्रा के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्री संतोष सुमन का फूलों की बड़ी माला पहनाकर किया स्वागत।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में शुक्रवार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) की ओर से गरीब चौपाल यात्रा जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री और HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष सुमन शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों की मौजूदगी रही।

गरीब चौपाल के जरिए लोगों से सीधा संवाद

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा गरीबों की पार्टी है। गरीब चौपाल यात्रा के माध्यम से पार्टी बिहार के सभी जिलों और प्रखंडों में पहुंचकर गरीबों से सीधे संवाद कर रही है। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनसे आवेदन लेकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जिला पदाधिकारी से बातचीत कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी मिलकर समस्याओं के निराकरण की पहल की जाती है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि गरीबों की समस्याओं और उनकी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

शराबबंदी पर बोले- बिहार में कानून आगे भी लागू रहेगा

शराबबंदी के मुद्दे पर मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू है और आगे भी पूरी तरह लागू रहेगी। शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समय-समय पर शराबबंदी की समीक्षा करते हैं और उनकी पार्टी शराबबंदी के फैसले का समर्थन करती है।

लौरिया के भाजपा विधायक की ओर से शराबबंदी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह विधायक की अपनी विचारधारा हो सकती है, लेकिन बिहार में शराबबंदी लागू है और आगे भी जारी रहेगी।

आरक्षण खत्म करने की बात कभी नहीं कही: संतोष सुमन

आरक्षण के मुद्दे पर डॉ. संतोष सुमन ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने कभी भी आरक्षण समाप्त करने की बात नहीं कही है। उन्होंने कहा कि गरीबों और वंचित वर्गों के हित में सभी लोगों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। सामाजिक न्याय और गरीबों को अवसर दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है।

मंत्री ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का उद्देश्य केवल सभा करना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है। उन्होंने कहा कि HAM आगे भी गरीबों और वंचित समाज के अधिकारों की आवाज उठाती रहेगी।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article