NEWS PR डेस्क: भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र में भाजपा नेता कुमार भूषण तांती उर्फ पप्पू की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिजनों ने भाजपा के ही नेता शशि मोदी पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देर रात कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
नामजद प्राथमिकी के बाद पुलिस की छापेमारी, एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच में तेजी लाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एसएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी इस मामले में हत्या के कारणों, घटना की साजिश और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी। पुलिस नामजद आरोपी के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है।
सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा
एसएसपी ने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भाजपा नेता कुमार भूषण तांती उर्फ पप्पू की हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इस वारदात में किन-किन लोगों की भूमिका रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जरूरत पड़ने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई
एसएसपी प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहते हैं और जांच में सहयोग नहीं करते हैं, तो जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा।
फिलहाल नामजद प्राथमिकी के बाद शशि मोदी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है वहीं, एसआईटी पूरे हत्याकांड की जांच कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह