BRICS Summit की सफलता पर CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी को दी बधाई, सत्तू-मखाना को वैश्विक पहचान पर जताया आभार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की सफलता तथा नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सदस्य देशों की सर्वसम्मति का स्वागत किया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने बिहार के सत्तु और मखाना को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी का बहुत-बहुत आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज दुनिया भारत का उदय देख रही है। भारत अब वैश्विक मुद्दों पर केवल अपनी बात रखने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने और साझा समाधान प्रस्तुत करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभर रहा है। BRICS शिखर सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता ने इस बढ़ती वैश्विक भूमिका को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सहयोग और संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। BRICS देशों द्वारा बहुपक्षवाद, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और अधिक न्यायपूर्ण एवं संतुलित वैश्विक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त किया जाना पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी नेतृत्व की एक ऐतिहासिक मिसाल बनकर उभरा है। वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी कुशल कूटनीति से सभी सदस्य देशों को एक मंच पर लाकर सर्वसम्मति से ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ (New Delhi Declaration) को पारित कराया, जो भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक संस्थाओं में सुधारों की वकालत कर ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूती से बुलंद किया। उनके नेतृत्व में ब्रिक्स ने वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए सुरक्षित और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, उन्होंने प्राचीन धरोहरों को मूल देशों में वापस लाने का संकल्प शामिल कराकर सांस्कृतिक संप्रभुता का सम्मान सुनिश्चित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् में भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता के समर्थन से वैश्विक शासन व्यवस्था में विकासशील देशों की बढ़ती भूमिका को बल मिला है। भारत लंबे समय से अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, लोकतांत्रिक और वर्तमान वैश्विक वास्तविकताओं के अनुरूप बनाने की आवश्यकता पर जोर देता रहा है। मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ BRICS देशों के स्पष्ट और दृढ़ रुख का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा और आतंकवाद के सभी रूपों एवं तरीकों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रतिबद्धता आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता का महत्वपूर्ण संदेश है। आतंकवाद की फंडिंग, आतंकवादियों की सीमा पार आवाजाही और उन्हें सुरक्षित पनाहगाह उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती अनिश्चितता के बीच नियम आधारित, खुली और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था समय की आवश्यकता है। BRICS देशों द्वारा वैश्विक व्यापार में कमी, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और एकतरफा प्रतिबंधों को लेकर व्यक्त चिंता तथा WTO में सुधार की आवश्यकता पर जोर महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि युद्ध और संघर्षों का समाधान संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से किया जाना चाहिए। परमाणु खतरे को कम करने और अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करना होगा। अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीक के शांतिपूर्ण उपयोग तथा अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ रोकने की प्रतिबद्धता भी मानवता के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि AI, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में BRICS देशों के बीच सहयोग भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा। भारत की तकनीकी क्षमता और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के अनुभव से विकासशील देशों को व्यापक लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि सतत् विकास और गरीबी उन्मूलन वैश्विक प्राथमिकताएं हैं। नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा और हाइड्रोजन सहित विभिन्न ऊर्जा स्रोतों के माध्यम से ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा न्यायपूर्ण ऊर्जा संक्रमण की दिशा में सहयोग आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का बढ़ता प्रभाव प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। BRICS शिखर सम्मेलन में भारत ने दुनिया के सामने शांति, सहयोग, विकास और न्यायपूर्ण वैश्विक व्यवस्था का स्पष्ट दृष्टिकोण रखा है। यह भारत के बढ़ते सामर्थ्य, नेतृत्व और विश्व के प्रति उसकी जिम्मेदार भूमिका का प्रमाण है। भारत को उत्तरोत्तर उन्नति के पथ पर ले जाने के लिए एवं विश्व पटल पर भारत को नेतृत्व गौरव दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद।

Share This Article