कब्र खोदकर निकाला शव, वायरल वीडियो ने खोला हत्या का राज; पुलिस जांच में जुटी,

Muskan Gupta

कटिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खोरवा गांव में संदिग्ध मौत के बाद सनसनी फैल गई। मोहम्मद कमरुल की मौत के पांच दिन बाद पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकाला। फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। दरअसल 5 सितंबर की रात कमरुल की मौत हुई थी। ससुराल वालों ने शराब पीने के कारण मौत होने की बात कही थी।

इसके बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत कर शव को दफना दिया गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें 5-6 लोग एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे थे।

वीडियो की जांच हुई तो पिटाई का शिकार व्यक्ति कमरुल निकला।

इसके बाद हत्या की आशंका गहरा गई और पुलिस ने कब्र खोदकर शव निकलवाया। कटिहार एसपी परिचय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

वीडियो में दिख रहे लोगों में कमरुल की पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और दो अन्य रिश्तेदारों की पहचान हुई है। पुलिस ने अपने बयान पर एफआईआर दर्ज कर सभी को नामजद आरोपी बनाया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मृतक की मां ने बताया कि कमरुल ससुराल में ही रहता था और शराब पीने का आदी था। ससुराल वालों ने शराब पीने से मौत की बात बताई थी। एसपी ने कहा कि कमरुल का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस इसी एंगल से भी जांच कर रही है। बारिश के कारण शव ज्यादा डिकंपोज नहीं हुआ था।

कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट ;–

Share This Article