गणेश पूजा पर गांधी मैदान में भव्य आयोजन, 16 से 22 सितंबर तक भागवत कथा; 23 को होगी महाआरती !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क:- सुपौल शहर के गांधी मैदान परिसर में गणेश पूजा को लेकर भव्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। पूजा को लेकर आयोजन समिति की ओर से पंडाल, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है।


आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गणेश पूजा के अवसर पर 16 सितंबर से 22 सितंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। भागवत कथा के लिए अयोध्या से कथा वाचक एवं उनकी टीम सुपौल पहुंच रही है। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।


आयोजकों के अनुसार, गणेश पूजा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर में शांति, सौहार्द और सकारात्मक वातावरण बनाए रखना भी है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। इसी आस्था के साथ प्रत्येक वर्ष सुपौल शहर में गणेश पूजा का आयोजन किया जाता है।


वहीं, 23 सितंबर को विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महाआरती को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।


आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से,

गणेश पूजा और भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। साथ ही पूजा और धार्मिक कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया गया है। गांधी मैदान परिसर में चल रही तैयारियों से पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बनने लगा है।

सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट;–

Share This Article