गया जी के पुलिस लाइन स्थित अंबेडकर छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के मंत्री एवं लोजपा रामविलास के नेता संजय कुमार के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी शिकायतें और नाराजगी रखी। इसी दौरान एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें मंत्री और एक कार्यकर्ता के बीच माइक को लेकर खींचतान होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि मंत्री संजय कुमार एक दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ता पार्टी और संगठन से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं शिकायतें मंत्री के सामने रख रहे थे। इसी क्रम में कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को लेकर भी सवाल और शिकायतें उठाई गईं।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गया जिले में पार्टी के पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। इसके अलावा कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से टिकट वितरण को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए। कार्यकर्ता अपनी बात और नाराजगी मंत्री के सामने रख ही रहे थे कि इसी दौरान माइक को लेकर मंत्री और एक कार्यकर्ता के बीच हाथ पकड़ने की स्थिति बन गई।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यकर्ता अपनी बात रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि मंत्री की ओर से माइक लेने का प्रयास किया जाता है। दोनों के बीच कुछ क्षणों के लिए,
माइक को लेकर खींचतान भी दिखाई देती है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर लोजपा (रामविलास) के गया संगठन में कार्यकर्ताओं की नाराजगी और उनकी शिकायतों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वीडियो में दिख रही घटना के पीछे की पूरी परिस्थिति और
दोनों पक्षों की स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।
अब सवाल यह है कि अगर कार्यकर्ताओं को अपनी बात खुलकर रखने का मौका दिया जाता, तो क्या स्थिति टल सकती थी? और क्या पार्टी नेतृत्व गया जिले के कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई जा रही शिकायतों पर गंभीरता से विचार करेगा !
गया से आशीश कुमार की रिपोर्ट ;—