JEEVIKA और HelpAge India की पहल, दरभंगा से शुरू होगा वृद्धजन स्वयं सहायता समूह अभियान

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: वृद्धजनों के सामाजिक समावेशन और सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल करते हुए जीविका ने जिले के सभी प्रखंडों में वृद्ध महिला एवं पुरुषों को संगठित कर ‘वृद्धजन स्वयं सहायता समूह’ (SHG) गठित करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा, आजीविका अवसरों और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।

पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन

वृद्धजन समूह गठन की प्रक्रिया को गति देने के लिए हेल्पएज इंडिया के सहयोग से 17 से 21 फरवरी 2026 तक दरभंगा के होटल श्यामा रेजीडेंसी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के प्रत्येक प्रखंड से दो-दो जीविका कर्मियों को चयनित कर प्रशिक्षण दिया गया।

जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान राज्य कार्यालय और हेल्पएज इंडिया के विशेषज्ञों ने समूह गठन की प्रक्रिया, संचालन व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की रणनीति तथा स्वास्थ्य एवं जागरूकता गतिविधियों के संचालन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। प्रतिभागियों को वृद्धजनों की विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप संवेदनशील तरीके से कार्य करने की भी जानकारी दी गई।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

मनीगाछी मॉडल का राज्यव्यापी विस्तार

सामाजिक विकास प्रबंधक नरेश कुमार ने बताया कि जिले के मनीगाछी, तारडीह और घनश्यामपुर प्रखंडों में हेल्पएज इंडिया द्वारा वर्ष 2014 से अब तक 90 वृद्धजन समूह गठित किए जा चुके हैं। इन समूहों ने वरिष्ठ नागरिकों के बीच सामाजिक एकजुटता और सरकारी योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अब जीविका इन मॉडलों को औपचारिक रूप से अपनाते हुए जिले के सभी प्रखंडों और आगे चलकर पूरे राज्य में लागू करेगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मनीगाछी और तारडीह प्रखंडों में क्षेत्र भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने पहले से सक्रिय समूहों के साथ बैठक कर उनके कार्य-प्रणाली और अनुभवों को समझा।

योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ाव

संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि वृद्धजन समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न आजीविका कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रशिक्षण दल में हेल्पएज इंडिया के मिशन हेड गिरीश चंद्र मिश्रा और स्टेट हेड आलोक कुमार वर्मा सहित जीविका के राज्य और जिला स्तर के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि चरणबद्ध प्रशिक्षण के बाद व्यापक स्तर पर समूह गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पहल से जिले के हजारों वृद्धजनों को सामाजिक पहचान, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग का नया आधार मिलेगा तथा वे समाज की मुख्यधारा से सशक्त रूप से जुड़ सकेंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article