गोपालगंज-बैकुंठपुर में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, रेल राज्य मंत्री से मिले मिथिलेश तिवारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : नई दिल्ली। गोपालगंज एवं बैकुंठपुर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को रेल भवन में भारत सरकार के रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से मुलाकात की।

इस दौरान मिथिलेश तिवारी ने थावे-पटना इंटरसिटी की समय-सारणी में बदलाव की मांग की। उन्होंने पटना से सुबह 5 बजे और थावे से शाम 7 बजे ट्रेन चलाने तथा यात्रा अवधि कम करने का आग्रह किया। उन्होंने सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रैक प्वाइंट के उद्घाटन के लिए रेल राज्य मंत्री को आमंत्रित किया।
मिथिलेश तिवारी ने गोपालगंज से दिल्ली सहित देश के प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने गोरखपुर-गोपालगंज-मशरख होते हुए पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग भी रखी।
इसके अलावा ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस का सिधवलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, अमृत भारत योजना के तहत बैकुंठपुर और सिधवलिया रेलवे स्टेशनों का विकास, दिघवा दुबौली में आरओबी व आरयूबी निर्माण के कार्य में तेजी लाने का भी अनुरोध किया। रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने शिक्षा मंत्री की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, “गोपालगंज और बैकुंठपुर की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा कराने के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं। क्षेत्र के विकास, व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी बहुत जरूरी है। हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्रवासियों को सुगम और बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध हों।”

Share This Article