NEWS PR डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ-साथ विपक्षी दलों के कई नेताओं ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं हालांकि, शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री को 17 सितंबर के बजाय 16 सितंबर को ही जन्मदिन की बधाई दे दी। इसके पीछे उन्होंने एक दिलचस्प वजह भी बताई।
‘शुभकामनाओं की बाढ़ में संदेश खो सकता है’
शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री को इतनी बड़ी संख्या में शुभकामना संदेश मिलेंगे कि उनका संदेश शायद उस भीड़ में कहीं खो जाए। इसी वजह से उन्होंने एक दिन पहले ही बधाई देने का फैसला किया। अपने संदेश में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘सर जी, आपको यह आइडिया कैसा लगा?’ उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली, शांति और लंबी उम्र की कामना भी की।

PM मोदी को बताया ‘हमारे साथी’ और ‘समाज के हितैषी’
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली, शांति और लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने ईश्वर से पीएम मोदी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की। अपने संदेश में TMC सांसद ने प्रधानमंत्री को ‘हमारे साथी’ और ‘समाज के हितैषी’ के तौर पर संबोधित किया।
कभी भाजपा के साथ थे शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा का राजनीतिक सफर कई दलों से होकर गुजरा है। वह लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में भी काम किया। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का रुख किया। इसके बाद मार्च 2022 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया।
आसनसोल से लगातार दो बार जीते चुनाव
TMC में शामिल होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने आसनसोल लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने इसी सीट से चुनाव जीतकर संसद में अपनी जगह बरकरार रखी। यही वजह है कि मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के बीच उनका प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन से एक दिन पहले दिया गया संदेश चर्चा में आ गया है।