NEWS PR डेस्क : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। तस्कर पुलिस से बचने के लिए लगातार नए रास्ते अपना रहे हैं। इसी क्रम में अब शराब की खेप को गंगा नदी के रास्ते नाव से ले जाने का मामला सामने आया है।
शाहपुर पुलिस ने गंगा नदी में कार्रवाई करते हुए नाव से 467.94 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो कथित शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नाव को भी जब्त कर लिया गया है।
गुप्त सूचना पर नदी में छापेमारी
दानापुर एएसपी अजीत कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगा नदी के रास्ते एक नाव पर भारी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने नदी में छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने संदिग्ध नाव को घेरकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान नाव के अंदर छिपाकर रखी गई 467.94 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार लोगों ने पुलिस टीम को देखते ही भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर नाव को अपने कब्जे में ले लिया और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शराब की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नाव को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित मुख्य सरगना की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट