धनहा में वाहन जांच के दौरान 900 लीटर अवैध डीजल-पेट्रोल बरामद, ऑटो जब्त

Shreya Raj
धनहा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान जब्त किए गए अवैध डीजल-पेट्रोल से भरे कंटेनर और जरीकेन, पुलिस ने करीब 900 लीटर ईंधन बरामद किया।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में धनहा थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध डीजल और पेट्रोल बरामद किया है। पुलिस ने बुधवार को गौतम बुद्ध सेतु पुलिस चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए करीब 900 लीटर ईंधन जब्त किया। इस दौरान ईंधन लदे एक ऑटो को भी कब्जे में लिया गया है।

गौतम बुद्ध सेतु चेकपोस्ट पर हुई कार्रवाई

धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार, गौतम बुद्ध सेतु पुलिस चेकपोस्ट पर नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ऑटो में भारी मात्रा में डीजल और पेट्रोल बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में बरामद ईंधन की कुल मात्रा करीब 900 लीटर बताई गई है। पुलिस ने ईंधन के साथ ऑटो को भी जब्त कर लिया है।

उत्तर प्रदेश से लाकर क्षेत्र में बिक्री का आरोप

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीजल और पेट्रोल को उत्तर प्रदेश से लाकर क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था हालांकि, ईंधन के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।

इस मामले में चौतरवा थाना क्षेत्र के लगुनहा गांव निवासी कारोबारी रामेश्वर जायसवाल के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने मामले से संबंधित रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए बगहा अनुमंडल पदाधिकारी को भेजी है।

अवैध ईंधन कारोबार पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी

पुलिस और प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में ईंधन कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में कारोबारी की भूमिका और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

धनहा पुलिस ने अवैध डीजल-पेट्रोल के कारोबार पर निगरानी बढ़ाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article