NEWS PR डेस्क: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भीषण टक्कर में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के पास हुआ। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क किनारे पानी से भरे बहाव में जा गिरे। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
नटीनिया माई के पास हुआ दर्दनाक हादसा
मृतकों की पहचान बघीनी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ विकास चौधरी, पिता स्वर्गीय अवधेश चौधरी, बिट्टू कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता रामाशंकर चौधरी और दिलखुश राय, उम्र करीब 16 वर्ष, पिता जैनुद्दीन राय के रूप में हुई है।
बघीनी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कामेश्वर राम और मृतक विकास कुमार के चाचा अरुण चौधरी के अनुसार, तीनों युवक किसी काम से अपने गांव से मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नटीनिया माई के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क किनारे पानी में जा गिरे।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसी बीच रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े लोगों पर गई। ग्रामीणों ने तत्काल मृतकों के परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई।
मोहनिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया वहीं, घायल बताए जा रहे दो लोगों को इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों के परिजनों ने मांगा मुआवजा
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवारों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
मोहनिया के प्रभारी एसडीपीओ दयानंद कुमार ने बताया कि दो बाइकों के बीच टक्कर में बघीनी गांव के तीन युवकों की मौत हुई है। दो अन्य घायलों का इलाज मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे में शामिल दोनों बाइकों और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेष दुबे