तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत, पकड़ने के लिए लगाया पिंजड़ा मिला खाली; रेस्क्यू पर उठे सवाल

Shreya Raj
तेंदुए की चहलकदमी के बाद रात में मौके पर निगरानी करते ग्रामीण और जनप्रतिनिधि, वन विभाग के लगाए पिंजड़े की जांच करते लोग।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के पिपरासी प्रखंड की सौरहा पंचायत के केरवनिया टोला में पिछले चार दिनों से तेंदुए की लगातार चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से पिंजड़ा लगाया गया था, लेकिन गुरुवार रात निरीक्षण के दौरान पिंजड़ा खाली मिला। इसके बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों ने वन विभाग पर रेस्क्यू के नाम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है।

बकरी बांधकर फोटो खींचने का आरोप, रात में खाली मिला पिंजड़ा

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को वन विभाग की टीम केरवनिया टोला पहुंची थी। टीम ने तेंदुए को पिंजड़े में फंसाने के लिए उसमें एक बकरी बांधी और उसकी फोटो खींची। इसके बाद टीम मौके से लौट गई। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार रात जब पिंजड़े का निरीक्षण किया गया तो वह खाली मिला।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि तेंदुए को आकर्षित करने के लिए रात में बांधा गया कुत्ता भी बाद में वहां से भाग गया। लगातार तेंदुए की मौजूदगी की खबर से गांव के लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ कभी भी आबादी वाले इलाके में पहुंच सकता है, जिससे लोगों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सुबह गांव में पहुंचा तेंदुआ, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

बीडीसी चानगुड्डी देवी समेत बिस्मिल्लाह अंसारी, मृतृजा अंसारी, जयराम गुप्ता, किशोर गुप्ता, बबलू पासवान और लालती देवी ने बताया कि गुरुवार सुबह तेंदुआ गांव में पहुंचा था। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए की लगातार गतिविधियों के कारण लोग विशेष रूप से रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल पिंजड़ा लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि लगातार निगरानी और रेस्क्यू अभियान चलाने की जरूरत है।

वन विभाग ने रात में निगरानी का दिया आदेश

पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तेंदुए की गतिविधि की सूचना रेंजर को दे दी गई है। वहीं रेंजर श्रीमान मालाकार ने बताया कि वनकर्मी को मौके पर भेजकर रात में निगरानी करने का आदेश दिया गया है। वन विभाग की टीम अब तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखेगी।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article