NEWS PR डेस्क:बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। चुनाव बिहार समेत चार राज्यों में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए कराया जाएगा।
29 सितंबर को जारी होगा चुनावी नोटिफिकेशन
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। इसके बाद 6 अक्टूबर तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
सभी संबंधित सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। वोटिंग का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी चुनाव प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी।
किन सीटों पर होगा चुनाव?
बिहार में जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक तथा पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
मौजूदा MLC कौन-कौन?
वर्तमान में पटना शिक्षक सीट से BJP के नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से कांग्रेस के मदन मोहन झा, सारण शिक्षक से जन सुराज समर्थित निर्दलीय अफाक अहमद और तिरहुत शिक्षक से CPI के संजय कुमार सिंह MLC हैं। वहीं पटना स्नातक से JDU के नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से BJP समर्थित निर्दलीय सर्वेश कुमार, कोसी स्नातक से BJP के एनके यादव और तिरहुत स्नातक से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी मौजूदा MLC हैं।
RJD ने छह सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आठ में से छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। ऐसे में विधान परिषद की इन आठ सीटों का चुनाव राजनीतिक दलों के लिए अहम मुकाबला माना जा रहा है।
Bihar MLC Election 2026: 8 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम जारी, 29 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया