कर्मा-धर्मा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, नदी में मिलीं दो बच्चियों की लाशें; तीसरी की तलाश जारी

Shreya Raj
कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत, तीसरी बच्ची की तलाश जारी।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर में कर्मा-धर्मा पूजा के लिए घर से निकलीं तीन बच्चियों में से दो की नदी में डूबने से मौत की दर्दनाक घटना सामने आई है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन देर रात तक बच्चियों की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह करीब छह बजे नदी में दो बच्चियों के शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।

हरिजन मोहल्ले की रहने वाली थीं दोनों बच्चियां

मृत बच्चियों की पहचान गौराचक चौकी क्षेत्र के हरिजन मोहल्ला निवासी सरिता कुमारी और पूजा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों तनोज दास और मुन्ना दास की बेटियां बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां कर्मा-धर्मा पूजा के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटीं। बच्चियों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी।

रात साढ़े दस बजे तक होती रही तलाश

परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चियों को आसपास के इलाकों में तलाशना शुरू किया। देर रात करीब साढ़े दस बजे तक खोजबीन जारी रही, लेकिन बच्चियों का पता नहीं चल सका। इसके बाद सोमवार सुबह करीब छह बजे नदी में दो बच्चियों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों बच्चियों के शवों को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद तीसरी बच्ची को लेकर भी परिजन और स्थानीय लोग चिंतित हैं और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में परिजन तनोज दास ने घटना को लेकर अपनी बात रखी है।

भागलपुर से रिपोर्टर: -शयामानंद सिंह

Share This Article