NEWS PR डेस्क:बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच अभिनेता सोनू सूद राहत कार्य के लिए बेगूसराय पहुंचे। राज्य के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित रहे हैं और करीब 50 लाख लोगों पर इसका असर पड़ा है। मंगलवार को सोनू सूद अपनी टीम के साथ बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं।

रामदीरी से शुरू किया दौरा
सोनू सूद सबसे पहले अपनी टीम और भाजपा नेता आशुतोष कुमार के साथ रामदीरी पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियों की जानकारी ली। इसके बाद सोनू सूद नाव के जरिए सीहमा के पथला टोला पहुंचे। बाढ़ के पानी के बीच स्थित इस इलाके में उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी जरूरतों को समझने की कोशिश की।

करीब 10 हजार लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण
पथला टोला समेत आसपास के प्रभावित इलाकों में सोनू सूद की टीम की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान करीब 10 हजार बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री भी बांटी।
बाढ़ पीड़ितों से सीधे सुनी समस्याएं
बता दें कि पथला टोला में कई परिवार अभी भी बाढ़ के बीच कठिन परिस्थितियों में रह रहे हैं। सोनू सूद ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी जरूरतों और राहत से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उनके पहुंचने से स्थानीय लोगों में उत्साह भी देखने को मिला। सोनू सूद की इस पहल के दौरान उनकी टीम ने जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने पर जोर दिया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश भी की गई।