भीषण गर्मी में बिजली संकट से भड़के लोग, सासाराम में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:: रोहतास जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सासाराम के नूरनगंज मोहल्ले के सैकड़ों लोगों ने बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर फजलगंज स्थित बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया और जोरदार प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बौलिया रोड इलाके में एक सप्ताह के भीतर बिजली समस्या को लेकर यह तीसरा विरोध प्रदर्शन है। लगातार हो रहे प्रदर्शनों से बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
15 वर्षों से बनी हुई है बिजली की समस्या
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नूरनगंज दुर्गा मंदिर के समीप लगे ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड है। इसके अलावा इलाके में बिजली के तार और केबल भी काफी जर्जर हो चुके हैं। इसके कारण बार-बार तार टूटकर गिर जाते हैं, लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है और घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नूरनगंज में पिछले 15 वर्षों से बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों, मरीजों और दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। वहीं बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
स्थायी समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तार बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
विभाग ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने जल्द आवश्यक कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहते हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस बार लोगों की समस्या का स्थायी समाधान करता है या फिर मामला केवल आश्वासनों तक ही सीमित रह जाता है। सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

Share This Article