17 वर्षीय सूरज जायसवाल की हत्या के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश, शव रखकर जाम और आगजनी

Shreya Raj
बेतिया में सूरज जायसवाल की हत्या के बाद सड़क पर जुटी भीड़, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने और लोगों को समझाने का किया प्रयास।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में 17 वर्षीय सूरज जायसवाल की हत्या के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र की लालगढ़ पंचायत के धर्मपुर गांव के समीप किशोर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के विरोध में लोगों ने धर्मपुर चौक के पास शव को सड़क पर रखकर बेतिया-सरिसवा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर आगजनी कर भी विरोध जताया।

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं।

सड़क जाम होने के कारण बेतिया-सरिसवा मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।

पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने और जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस की ओर से मामले में जांच और आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। वहीं, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों में भी काफी नाराजगी देखने को मिली। हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पूर्व विधायक उमाकांत सिंह ने परिजनों को समझाने का किया प्रयास

मौके पर चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह भी पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया हालांकि, परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

फिलहाल पुलिस-प्रशासन की ओर से लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने की कोशिश जारी रही। सूरज जायसवाल की हत्या के बाद इलाके में गम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले में पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article