रोहतास से बक्सर जिले के नावानगर थाना की पुलिस टीम की सुमो गाड़ी की देर रात एक ट्रेलर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पुलिस के तीन जवान घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की सुमो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रोहतास जिले के बिक्रमगंज स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। घायलों में सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार, पुलिसकर्मी बृज बिहारी और सुमो चालक शामिल हैं।
SI संजीव कुमार की हालत गंभीर
इलाज कर रहे निजी चिकित्सक डॉ. कामेंद्र सिंह के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं पुलिसकर्मी बृज बिहारी का पैर टूट गया है। सुमो चालक की स्थिति भी गंभीर बताई गई है।
हायर सेंटर किया गया रेफर
चिकित्सक के अनुसार, तीनों घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। फिलहाल हादसे के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। यह टक्कर किस परिस्थिति में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट ;-