बेतिया-मैनाटाड़ मार्ग पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर पोखरा में पलटी यात्रियों से भरी बस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के बेतिया-मैनाटाड़ मार्ग पर बुधवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखरा में पलट गई। हादसा पूर्वी पकुहवा के पास हुआ। बस में कुल नौ यात्री सवार थे और राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

टेंपो को बचाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यात्री बस बेतिया से यात्रियों को लेकर मैनाटाड़ की ओर जा रही थी। पूर्वी पकुहवा के पास एक मोड़ पर अचानक सामने से टेंपो आ गया। टेंपो को बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क किनारे स्थित पोखरा में पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पोखरा में उतरकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सभी नौ यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मैनाटाड़ सीओ सुमंत कुमार, थानाध्यक्ष बब्लू कुमार और पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने संभाली स्थिति, यातायात कराया सामान्य
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जानकारी ली। सड़क पर जमा भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया। थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि बस में नौ यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। हादसे के बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बड़ा हादसा टला
बस के पोखरा में पलटने के बावजूद किसी यात्री की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर किए गए रेस्क्यू से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और चालक-खलासी के मौके से फरार होने की जांच कर रही है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article