जमुई के बाद समस्तीपुर में भी शर्मनाक हरकत! लड़की से छेड़खानी का वीडियो वायरल, 4 आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार में लड़कियों के साथ बदसलूकी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जमुई में नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का मामला अभी सुर्खियों में ही था कि अब समस्तीपुर से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां एक लड़की के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और देर रात छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव का है। वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
फोटो खींच रही थी लड़की, तभी पहुंच गए युवक
जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर की शाम एक लड़की एक लड़के के साथ जगतसिंहपुर गांव के बांध बाइपास रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान लड़की रास्ते में रुककर फोटो खींच रही थी। आरोप है कि तभी कुछ युवक वहां पहुंच गए और लड़की के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद युवकों पर लड़की से छेड़खानी और कथित तौर पर बैड टच करने का आरोप है। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। कुछ देर बाद यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश शुरू की और देर रात छापेमारी कर चार आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रहे युवक जगतसिंहपुर गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी आरोपियों की पहचान को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
एसपी बोले—दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को गंभीर और अतिसंवेदनशील बताया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अब घटना की जगह, वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल सभी लोगों और वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। जमुई के बाद समस्तीपुर की इस घटना ने एक बार फिर लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Share This Article