NEWS PR डेस्क: मोक्षनगरी गया जी में शुक्रवार को पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गया पहुंचे और मेले की तैयारियों का जायजा लिया। गया पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की और गर्भगृह में भगवान विष्णु के चरणचिह्न का दर्शन किया। इसके बाद फल्गु नदी के देवघाट पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और फिर फीता काटकर पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 का शुभारंभ किया। पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।
विष्णुपद मंदिर में पूजा, देवघाट की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने विष्णुपद मंदिर में विधि-विधान से पूजा की। पितृपक्ष के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु गया पहुंचकर पिंडदान और तर्पण के साथ विष्णुपद मंदिर में दर्शन-पूजन करते हैं। पूजा के बाद मुख्यमंत्री फल्गु नदी स्थित देवघाट पहुंचे।
यहां उन्होंने साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। देवघाट पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख स्थलों में शामिल है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
फीता काटकर मेले का शुभारंभ, कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
देवघाट और मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी समेत कई मंत्री, विधायक और पार्टी नेता मौजूद रहे।
पितृपक्ष के दौरान गया में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूर्वजों के लिए पिंडदान, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करने पहुंचते हैं।
गांधी मैदान की टेंट सिटी पहुंचकर देखीं श्रद्धालुओं की सुविधाएं
मेले के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। गांधी मैदान में श्रद्धालुओं के आवासन के लिए 2500 क्षमता की टेंट सिटी तैयार की गई है।
मेला क्षेत्र में पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश, आवासन, यातायात और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए विष्णुपद मंदिर, देवघाट, मेला क्षेत्र और गांधी मैदान तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार