चांदन नदी की तेज धार में कूदा आर्म्स एक्ट का आरोपी, सिपाही भी साथ बहा; संतोष यादव का नहीं मिला सुराग

Shreya Raj
चांदन नदी में लापता आर्म्स एक्ट के आरोपी संतोष यादव की तलाश में नदी किनारे पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस की पकड़ से निकलकर चांदन नदी की तेज धार में कूद गया। आरोपी की पहचान मोतहदीपुर गांव निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संतोष के पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे लेकर नदी के पास से गुजर रही थी, तभी उसने अचानक सिपाही को साथ लेकर उफनती नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।

चचरी पुल पार करते समय अचानक नदी में लगाई छलांग

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि संतोष यादव हथियार के साथ चांदन नदी के आसपास मौजूद है। इसके बाद जगदीशपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी हथियार और कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तारी के बाद पुलिसकर्मी उसे चांदन नदी के पास से चचरी पुल पार कराकर पुलिस वाहन की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान संतोष ने अचानक उसे पकड़े हुए सिपाही के साथ ही नदी की तेज धार में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए सकते में आ गए।

सिपाही किसी तरह निकला बाहर, संतोष का नहीं मिला पता

नदी में गिरने के बाद तेज बहाव के बीच सिपाही ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और किनारे पहुंच गया। वहीं संतोष यादव का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी के आसपास काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पुलिस की ओर से यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी तेज बहाव के बीच तैरकर नदी के दूसरे किनारे पहुंचकर फरार हो गया हो हालांकि, उसके नदी में डूबकर लापता होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस फिलहाल दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिजनों में चिंता, पुलिस ने हथियार जब्त कर शुरू की जांच

संतोष यादव के नदी में लापता होने की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी परेशान हो गए। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बताया कि संतोष को पुलिस पकड़कर ले गई थी और बाद में उसके नदी में कूदने की सूचना मिली।

पुलिस ने उसके पास से बरामद देसी कट्टा और कारतूस जब्त कर लिया है। अब पुलिस संतोष यादव के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि चांदन नदी की तेज धार में छलांग लगाने के बाद संतोष यादव कहां गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

भागलपुर से रिपोर्टर: शयामानंद सिह

Share This Article