औरंगाबाद में पारिवारिक कलह ने लिया खौफनाक रूप, घर में आग से पिता-पुत्री की मौत; दूसरी बेटी गंभीर

Shreya Raj
आग लगने की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा बल की टीम ने घर का जायजा लिया।

NEWS PR डेस्क:औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना क्षेत्र के मियांबिगहा गांव में पारिवारिक विवाद के बीच घर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें 50 वर्षीय मोहम्मद सलीम और उनकी 18 वर्षीय भतीजी आफरीन परवीन की मौत हो गई, जबकि आफरीन की छोटी बहन चांदनी परवीन गंभीर रूप से झुलस गई। उसका इलाज गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कासमा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इलाज के दौरान सलीम और आफरीन ने तोड़ा दम

आग की चपेट में आए तीनों लोगों को पुलिस की मदद से रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया।

वहां से बेहतर इलाज के लिए सभी को गया स्थित मगध मेडिकल अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान मोहम्मद सलीम और आफरीन परवीन ने दम तोड़ दिया। वहीं चांदनी परवीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।

पांच-छह साल से सलीम के घर रह रही थीं दोनों बहनें

ग्रामीणों के अनुसार, आफरीन और उसकी छोटी बहन चांदनी पिछले करीब पांच-छह वर्षों से अपने फूफा मोहम्मद सलीम के घर मियांबिगहा में रह रही थीं। दोनों के पिता मोहम्मद तौहिद बताए जा रहे हैं और उनका मूल गांव गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र का बुधपुर है।

बताया जा रहा है कि सलीम अपने साले की दोनों बेटियों को अपने घर में रख रहे थे। इसी बात को लेकर सलीम और उनके बड़े बेटे इश्तेखार के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।

ग्रामीण शदाब आलम ने आरोप लगाया कि इसी पारिवारिक कलह के कारण इश्तेखार ने घर में आग लगा दी हालांकि यह आरोप फिलहाल जांच का विषय है।

आग कैसे लगी, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

घटना के बाद कासमा थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर में आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों की ओर से सामने आए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के कारण और घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना में दो लोगों की मौत और एक युवती के गंभीर रूप से घायल होने से गांव में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है।

औरंगाबाद से रिपोर्टर: रुपेश कुमार

Share This Article