रेज IG पंकज कुमार राज ने भागलपुर-नवगछिया में अपराध नियंत्रण की समीक्षा की, पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश

Shreya Raj
भागलपुर में रेंज IG पंकज कुमार राज ने पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की, वहीं पुलिस बल ने परेड के दौरान अनुशासन और तैयारियों का प्रदर्शन किया।

NEWS PR डेस्क:भागलपुर: पुलिस मुख्यालय, बिहार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पुलिस महानिरीक्षक, रेंज पंकज कुमार राज ने भागलपुर और नवगछिया पुलिस जिलों में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान अधिकारियों से विभिन्न स्तरों पर चल रहे कार्यों और पुलिस की तैयारियों की जानकारी ली गई। रेंज IG ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती, आम लोगों की सुरक्षा और पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है, वहां कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

वारंट-कुर्की और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर

बैठक में वारंट और कुर्की के लंबित मामलों, मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान, लंबित गिरफ्तारियों और डायल-112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित कांडों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नियमित समीक्षा और प्रभावी पर्यवेक्षण के माध्यम से मामलों में अपेक्षित प्रगति लाने पर जोर दिया गया। नशीले पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने को कहा गया।

पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग तथा लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश

रेज IG ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और प्रमुख बाजार जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

कामकाजी महिलाओं और छात्राओं के आवागमन वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा प्रमुख पर्यटन स्थलों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया गया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी केवल आवश्यकता के समय नहीं, बल्कि नियमित रूप से दिखाई देनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर सक्रियता और अफवाहों पर त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश

समीक्षा बैठक में पुलिस की गतिविधियों और उपलब्धियों को सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को पुलिस की कार्रवाई, उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी सूचनाएं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए साझा करने तथा जनता के साथ प्रभावी संवाद बनाए रखने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर तथ्यपरक और त्वरित प्रतिक्रिया देने का निर्देश दिया गया।

पंकज कुमार राज ने सभी प्रभारी और पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के अनुरूप काम करने, जनसुरक्षा के साथ आम लोगों के प्रति बेहतर और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित समीक्षा और पर्यवेक्षण जारी रखने को कहा। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट।

भागलपुर से रिपोर्टर: शयामानंद सिह

Share This Article