NEWS PR डेस्क: छठ महापर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर कैमूर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मोहनिया में अवैध तरीके से संचालित एक गुड़ फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब 11 हजार 250 किलो गुड़ जब्त किया गया है। 250 बोरियों में रखे इस गुड़ को प्रशासन ने सीज कर दिया है। जांच में फैक्ट्री के अंदर गंदगी, खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लाइसेंस से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
तस्वीरें कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव की हैं, जहां खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुड़ फैक्ट्री में छापेमारी की। यह कार्रवाई मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी और फूड सेफ्टी ऑफिसर की टीम ने की।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना गुड़ का उत्पादन किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि फैक्ट्री संचालक के पास गुड़ बनाने का वैध लाइसेंस नहीं था। मिठाई निर्माण के लाइसेंस की आड़ में गुड़ तैयार किया जा रहा था। इतना ही नहीं, मिठाई निर्माण के लाइसेंस की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी।
जांच के दौरान अधिकारियों ने तैयार पीले गुड़ और बिक्री के लिए रखे गुड़ के नमूने भी संग्रहित किए हैं। इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, फैक्ट्री में साफ-सफाई और भंडारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।
एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि जांच में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन अभी भी कई कमियां मौजूद हैं।
प्रशासन के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में गुड़ के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने पर जब्त स्टॉक को नष्ट कराया जाएगा। साथ ही फैक्ट्री संचालक के खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
छठ महापर्व से पहले हुई इस कार्रवाई ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता और बाजार में बिकने वाले प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-