चित्रगुप्त पूजा पर बिहार के सियासी दिग्गजों ने टेका मत्था, नीतीश कुमार और नितिन नवीन ने की विशेष पूजा-अर्चना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार में चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर राजनीतिक गलियारों में भी आस्था की खास झलक देखने को मिली। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तक भगवान चित्रगुप्त की आराधना करते नजर आए। दोनों नेताओं ने पटना के अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

गर्दनीबाग की ठाकुरबाड़ी पहुंचे नीतीश कुमार
चित्रगुप्त पूजा के मौके पर नीतीश कुमार पटना के गर्दनीबाग स्थित प्रसिद्ध ठाकुरबाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। वहीं, विधान पार्षद ललन सर्राफ और बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव हरेंद्र बहादुर सिंह ने भी पूजा में भाग लिया। पूजा के बाद नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल देखने को मिला।
नितिन नवीन ने तीन मंदिरों में की पूजा-अर्चना

दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर पटना के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त के दर्शन किए। उनके साथ भाजपा नेता संजय सरावगी भी मौजूद रहे।
नितिन नवीन ने अपने धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत खगौल रोड स्थित श्री श्री 108 चित्रगुप्त मंदिर से की। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अनीसाबाद स्थित चित्रगुप्त मंदिर पहुंचे। यहां भी उन्होंने पूजा कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उनका अगला पड़ाव अशोक नगर, कंकड़बाग स्थित चित्रगुप्त मंदिर रहा। यहां भी उन्होंने दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान संजय सरावगी ने भी उनके साथ धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
पूजा के बहाने दिखी धार्मिक और सामाजिक एकजुटता

चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर पटना के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह देखने को मिला। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने भी पूजा समारोहों में भाग लिया। नीतीश कुमार और नितिन नवीन का अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त की आराधना करना इस पर्व की धार्मिक महत्ता को दर्शाता है। दोनों नेताओं ने भगवान से प्रार्थना की कि बिहार में शांति, सद्भाव और समृद्धि बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार का जीवन सुखमय हो।

Share This Article