NEWS PR डेस्क: कैमूर जिले के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया गया। इसके चलते कैमूर जिले के सभी बैंक आज खुले हैं और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं हालांकि, आगे बैंकों के खुले रहने या अवकाश की स्थिति नियमित बैंकिंग कैलेंडर के अनुसार रहेगी। उपलब्ध सर्कुलर में अगली छुट्टी की अलग तारीख नहीं बताई गई है।
रविवार रात 9:30 बजे हुई बैठक, सहमति के बाद हड़ताल वापस
यूएफबीयू के सर्कुलर नंबर 2026/31 के मुताबिक, रविवार रात 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में विभिन्न लंबित मांगों और बैंकिंग से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद तीन दिनों की प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का निर्णय लिया गया। इससे बैंक ग्राहकों को राहत मिली है और सोमवार से होने वाली बैंक बंदी की आशंका खत्म हो गई है।
फाइव डे बैंकिंग को लेकर बनेगी उच्चस्तरीय कमेटी
बैठक में शनिवार की छुट्टी से जुड़े फाइव डे बैंकिंग के मुद्दे पर भी सहमति बनी। सभी बचे हुए शनिवारों को आधिकारिक अवकाश घोषित करने के विषय पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की जाएगी।
यह कमेटी सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा करेगी और खास तौर पर ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्वमान्य समाधान तलाशने का प्रयास करेगी।
PLI योजना और लंबित मुद्दों पर भी जारी रहेगी बातचीत
बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन यानी Performance Linked Incentive (PLI) योजना में संशोधन पर भी चर्चा करने पर सहमति बनी। यूनियनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए प्रस्तावित बदलावों पर विचार किया जाएगा और इसके बाद इसे सरकार के समक्ष प्रस्तावित किया जाएगा।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य सभी लंबित मुद्दों के जल्द समाधान के लिए बातचीत जारी रखने पर भी सहमति बनी है। सर्कुलर पर AIBEA के सी.एच. वेंकटाचलम, AIBOC के रूपम रॉय, NCBE के एल. चंद्रशेखर, AIBOA के संजय खान, BEFI के देबाशीष बासु चौधरी, INBOC के प्रेम मक्कर और INBEF के ओ.पी. शर्मा समेत यूनियन नेताओं के हस्ताक्षर हैं। विस्तृत सर्कुलर जल्द जारी किया जाएगा।
कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेष दुबे