लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोजपुरी में शुभकामना संदेश देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बिहार, पूर्वांचल समेत देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की बधाई दी और छठी मैया तथा भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोजपुरी अंदाज में कहा, ‘छठ महापरब में शामिल सभे भाई-बहिन के बहुत-बहुत बधाई।’ उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से सभी श्रद्धालुओं के मनोरथ पूरे होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने छठ पर्व में माताओं और बहनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे तीन दिनों तक निर्जला व्रत रखकर अपने परिवार और समाज के मंगल की कामना करती हैं। उनका त्याग, तपस्या और समर्पण इस महापर्व की सबसे बड़ी शक्ति है।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। आज छठी मैया के गीत देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कोने-कोने में गूंज रहे हैं।सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। उन्होंने सभी को अपनी आस्था के अनुसार त्योहार मनाने की स्वतंत्रता और व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।अंत में मुख्यमंत्री ने हर बेटी की सुरक्षा, किसानों के खेतों में खुशहाली, युवाओं को रोजगार और हर परिवार के सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने भोजपुरी में संदेश समाप्त करते हुए कहा, ‘जय छठी मइया, जय भगवान सूरुज देव।’
